मुजफ्फरनगर, 23 दिसंबर 2025। भारत रत्न चौधरी चरण सिंह की स्मृति में कृषि विभाग द्वारा आत्मा योजना के अंतर्गत किसान सम्मान दिवस का आयोजन नुमाइश मैदान में किया गया। कार्यक्रम में जनपद के लगभग 650 किसानों ने भाग लिया और लोकगीतों के माध्यम से चौधरी चरण सिंह को श्रद्धांजलि दी गई।
कार्यक्रम का संचालन उप कृषि निदेशक श्री प्रमोद सिरोही ने किया। मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल रहे। गन्ना विभाग के वैज्ञानिकों ने किसानों को उन्नत एवं वैज्ञानिक खेती पद्धतियों की जानकारी देते हुए उत्पादन और आय बढ़ाने के उपाय बताए।
जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने किसानों को केले की खेती अपनाने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि आधुनिक तकनीक और उचित प्रबंधन से इसमें अत्यधिक लाभ कमाया जा सकता है। उन्होंने प्राकृतिक खेती, मिलेट्स और फसल विविधीकरण पर भी विशेष जोर दिया।
कार्यक्रम के दौरान कृषि विभाग, मुजफ्फरनगर द्वारा ग्रामीण युवा कौशल विकास पर आधारित पुस्तक का विमोचन जिलाधिकारी एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा किया गया। इस अवसर पर गेहूं, सरसों, धान, उड़द, प्राकृतिक खेती और मिलेट्स में उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रगतिशील किसानों—श्री अरविंद मलिक, श्री ध्यान सिंह, श्रीमती माया, श्री प्रदीप शर्मा, श्री धीरदत्त, श्री सुखपाल, श्री हरिओम, श्री भोपाल सहित अन्य—को प्रमाण पत्र एवं शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष श्री सुधीर सैनी, श्रीमती मीनाक्षी स्वरूप, ब्लॉक प्रमुख जानसठ श्री नरेंद्र सिंह, श्री धर्मेंद्र मलिक, डॉ. रामबरन सिंह, श्री अवनीश श्रीवास्तव, जिला कृषि अधिकारी श्री राहुल तेवतिया, विषय वस्तु विशेषज्ञ श्री सचिन कुमार सहित बड़ी संख्या में किसान, अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
