मुज़फ्फरनगर। नई मंडी थाना क्षेत्र स्थित कूकड़ा मार्ग पर सोमवार दोपहर एक कार के अनियंत्रित होकर दुकान के भीतर घुस जाने की घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार कार चला रहा युवक अंकित 24 वर्ष, निवासी कूकड़ा अपनी कार से सड़क पर जा रहा था। उसी दौरान अचानक एक कुत्ता वाहन के सामने आ गया। उसे बचाने के प्रयास में स्टीयरिंग मुड़ गया और कार का संतुलन बिगड़ते ही वाहन सड़क किनारे बनी दुकान की ओर बढ़ गया।
कार सीधे दुकान मालिक गुणचंद सिंह के जनरल स्टोर से टकराई, जिससे दुकान का शटर अंदर की ओर धंस गया और सामने का पिलर क्षतिग्रस्त हो गया। टक्कर से दुकान के भीतर रखा सामान भी बिखर गया। गनीमत यह रही कि हादसे के समय न दुकानदार अंदर मौजूद थे और न कोई ग्राहक, अन्यथा गंभीर दुर्घटना हो सकती थी। आसपास के लोगों ने तुरंत चालक को बाहर निकालकर राहत पहुंचाई।
घटना की सूचना पर नई मंडी पुलिस मौके पर पहुँची और गाड़ी व दुकान के क्षतिग्रस्त हिस्से का विवरण दर्ज किया।
स्थानीय निवासियों ने कहा कि इस मार्ग पर आवारा पशु अक्सर सड़क पर आ जाते हैं, जिससे दुर्घटनाओं की संभावना बनी रहती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group