मुजफ्फरनगर जनपद में अपराध नियंत्रण के तहत थाना मीरापुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मिशन शक्ति की संयुक्त टीम ने कृषि एग्रो ग्रीन केंद्र से हुई चोरी की घटना का खुलासा करते हुए एक अभियुक्त और एक अभियुक्ता को गिरफ्तार किया है।
पीड़ित दानिश पुत्र यूसुफ, निवासी ग्राम कुतुबपुर ने पुलिस को बताया था कि 11 जनवरी 2026 को उनकी खाद, बीज और पेस्टिसाइड की दुकान से 30 हजार रुपये चोरी हो गए थे। जांच के दौरान सामने आया कि एक पुरुष और एक महिला मोटरसाइकिल संख्या यूपी-20-सीएस-3912 से आए थे और मुंह पर कपड़ा बांधकर गल्ले से नकदी चुराकर फरार हो गए।
थाना मीरापुर पुलिस ने मुकदमा संख्या 10/2026 धारा 305ए व 331(3) बीएनएस के तहत पंजीकृत कर जांच टीम गठित की। 19 जनवरी को मुखबिर की सूचना पर योगेन्द्र पुत्र सतपाल सिंह तथा लक्ष्मी पुत्री योगेन्द्र सिंह को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान 6,950 रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल बरामद की गई।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार दोनों आरोपियों के खिलाफ बिजनौर जनपद के विभिन्न थानों में पूर्व से चोरी के कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस द्वारा अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
