मुजफ्फरनगर में कोतवाली नगर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए ज्वैलरी चोरी के मामले में तीन शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से चोरी की गई करीब 12 ग्राम सोने की लोंग और घटना में प्रयुक्त अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
जानकारी के अनुसार 14 दिसंबर 2025 को जानसठ रोड स्थित बसुंधरा रेजीडेंसी क्षेत्र में एक ज्वैलरी दुकान से ग्राहक बनकर आए अज्ञात व्यक्तियों ने धोखाधड़ी कर सोने की लोंग चोरी कर ली थी। पीड़ित व्यापारी की शिकायत पर कोतवाली नगर थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में गठित टीम ने सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर 20 जनवरी 2026 को चरथावल रोड काली नदी पुल के पास से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों के नाम इमरान पुत्र अजीज, सलीम पुत्र हनीफ और गुलजार पुत्र नसरुद्दीन हैं। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक तीनों के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
फिलहाल पुलिस गिरोह के अन्य आपराधिक कनेक्शन खंगाल रही है और आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
