मुजफ्फरनगर। जनपद में अपराध और अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना पुरकाजी पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने गौकशी और हत्या के प्रयास जैसे गंभीर अपराधों में वांछित चल रहे कुख्यात अपराधी याकूब उर्फ कोबरा को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी लंबे समय से फरार था और उसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही थी।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर चल रही चेकिंग के दौरान मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने कंभेड़ा पुल के पास भैस्सरहेड़ी नहर पटरी पर जाल बिछाया। जैसे ही संदिग्ध वहां पहुंचा, पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे दबोच लिया। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान याकूब उर्फ कोबरा पुत्र इब्राहिम, निवासी ग्राम सीकरी थाना भोपा के रूप में हुई है।
तलाशी में अभियुक्त के कब्जे से एक अवैध 315 बोर का तमंचा, जिंदा कारतूस तथा चोरी की बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद की गई। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार याकूब पर जनपद के विभिन्न थानों में गौवध अधिनियम, आर्म्स एक्ट, हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट और गुंडा एक्ट सहित 30 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं, जिसके चलते वह कानून व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती बना हुआ था।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी से क्षेत्र में सक्रिय आपराधिक नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है। पुलिस अब उसके आपराधिक संपर्कों और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भी जानकारी जुटा रही है। अभियुक्त को न्यायालय में पेश कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
