मुज़फ्फरनगर, 5 जनवरी 2026। तहसील जानसठ में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी श्री उमेश मिश्रा एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री संजय कुमार वर्मा ने आमजन की शिकायतों की प्रत्यक्ष समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रत्येक प्रकरण की जांच स्थल निरीक्षण के साथ की जाए और निस्तारण केवल कागज़ों में नहीं, बल्कि वास्तविक स्तर पर प्रभावी रूप से सुनिश्चित किया जाए।
समाधान दिवस में पहुंचे फरियादियों की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना गया। डीएम ने कहा कि शिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी। उन्होंने आईजीआरएस पोर्टल पर दर्ज प्रकरणों को समयसीमा के भीतर निपटाने पर भी विशेष जोर दिया। महिला अपराध एवं संवेदनशील मामलों से जुड़ी शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर जांचने के निर्देश दिए गए।
कार्यक्रम के दौरान भूमि विवाद, नगर निकाय, राजस्व, पेंशन, श्रम, विद्युत तथा वन विभाग से संबंधित विभिन्न शिकायतें प्रस्तुत हुईं। संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 71 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 4 शिकायतों का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी जानसठ राज कुमार, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट अपराजिता आर्यन, तहसीलदार श्रद्धा गुप्ता, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील कुमार तेवतिया सहित विभिन्न विभागों के प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।
