मुजफ्फरनगर। जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने सोमवार को जिला चिकित्सालय परिसर में स्थित विभिन्न स्वास्थ्य इकाइयों का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जिला क्षय रोग (टीबी) अस्पताल, सखी वन स्टॉप सेंटर तथा एलएमओ (लिक्विड मेडिकल ऑक्सीजन) टैंक की व्यवस्थाओं का गहनता से जायजा लिया।

टीबी अस्पताल के निरीक्षण में डॉ. तेवतिया ने मरीजों की जांच, उपचार, दवा वितरण, पंजीकरण व्यवस्था एवं साफ-सफाई की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि टीबी रोगियों को समय पर जांच व दवाएं उपलब्ध कराई जाएं तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो। ओपीडी व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण और स्टाफ की उपस्थिति पर विशेष ध्यान देते हुए आवश्यक सुधार के निर्देश भी दिए गए।

इसके पश्चात सखी वन स्टॉप सेंटर का निरीक्षण कर पीड़ित महिलाओं को दी जा रही परामर्श, कानूनी सहायता, चिकित्सा सुविधाओं एवं सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली गई। उन्होंने संवेदनशीलता और गोपनीयता के साथ सेवाएं प्रदान करने के निर्देश दिए।

अंत में एलएमओ टैंक का निरीक्षण करते हुए ऑक्सीजन भंडारण क्षमता व सुरक्षा मानकों की समीक्षा की गई। सीएमओ ने कहा कि जनपद में सुरक्षित, सुदृढ़ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group