मुज़फ्फरनगर। जनपद के मीरापुर क्षेत्र में रविवार सुबह एक हृदयविदारक सड़क हादसे में 10वीं कक्षा के छात्र की मौत हो गई। मृतक छात्र की पहचान आदित्य कपासिया (पुत्र परमित कपासिया) के रूप में हुई है, जो ग्राम कासमपुर खोला का निवासी था। आदित्य रोज़ की तरह बाइक से ट्यूशन पढ़ने जा रहा था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जब छात्र हाईवे पर पहुंचा, तभी सड़क किनारे खड़ी वैगन-आर कार का दरवाजा अचानक खुल गया, जिससे उसकी बाइक अनियंत्रित हो गई। संतुलन बिगड़ते ही वह सामने से आ रही तेज रफ्तार दूसरी कार की चपेट में आ गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि छात्र सड़क पर दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया।
स्थानीय लोगों की मदद से उसे तुरंत एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों कार चालकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
इस दुखद घटना के बाद मृतक छात्र के घर में मातम पसरा हुआ है। पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
