मुज़फ्फरनगर। शादी समारोहों में तेज़ डीजे की बढ़ती प्रवृत्ति एक बार फिर जानलेवा साबित हुई। जानसठ क्षेत्र के गांव अहरोड़ा में शुक्रवार रात एक 14 वर्षीय छात्रा की अचानक मौत से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। परिजनों के अनुसार, तेज़ आवाज़ और डीजे की कंपन के बीच छात्रा की तबीयत बिगड़ी और कुछ ही घंटों में उसकी जान चली गई।
मृतका राशि, कक्षा 9 की छात्रा थी और गांव के ही एक परिवार में चल रही शादी में शामिल थी। वह अपने घर की छत पर खड़े होकर बरात देख रही थी, तभी अचानक उसे घबराहट, तेज़ धड़कन और चक्कर आने लगे। परिजन तत्काल उसे अस्पताल लेकर दौड़े, लेकिन हालत लगातार बिगड़ती चली गई।
पहले स्थानीय स्तर पर इलाज कराया गया, इसके बाद उसे खतौली और फिर मुज़फ्फरनगर के निजी अस्पताल में रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकीय तौर पर मौत की वजह हार्ट अटैक मानी जा रही है, हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।
घटना के बाद गांव में शादी समारोह रोक दिया गया। परिजन बदहवास हैं और ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि तेज़ आवाज़ वाले डीजे पर प्रशासन को सख्ती दिखानी चाहिए।
मामले की जानकारी मिलने पर रालोद विधायक मदन भैया ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की और संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि नियमों के बावजूद डीजे की मनमानी आवाज़ आमजन के लिए खतरा बनती जा रही है और इस पर नियंत्रण जरूरी है।
