मुजफ्फरनगर। तहसील सदर सभागार में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में आमजन की समस्याओं को लेकर प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आया। मंडलायुक्त डॉ. रूपेश कुमार की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में जनसमस्याओं की सुनवाई की गई और कई मामलों का मौके पर समाधान कराया गया।
समाधान दिवस में बिजली, राशन कार्ड, भूमि विवाद, नगर निकाय, पेंशन, श्रम व सड़क से जुड़ी शिकायतें सामने आईं। मंडलायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शेष शिकायतों का एक सप्ताह के भीतर मौके पर जाकर निष्पक्ष जांच के साथ निस्तारण किया जाए तथा शिकायतकर्ता से संतुष्टि का फीडबैक लिया जाए।
उन्होंने आईजीआरएस पोर्टल पर दर्ज शिकायतों को अपलोड करने से पहले गंभीरता से पढ़ने और तथ्यों के आधार पर कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। मंडलायुक्त ने दो टूक कहा कि शिकायत निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कार्यक्रम के अंत में अवशेष शिकायतों को संबंधित विभागों को संदर्भित करते हुए निर्देश दिए गए कि पारदर्शिता के साथ मौके की फोटो सहित रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। समाधान दिवस में प्रशासनिक अमले की सक्रियता से फरियादियों में राहत की उम्मीद जगी।
