मुज़फ़्फ़रनगर। 29 दिसंबर 2025 तितावी थाना क्षेत्र स्थित पानीपत-खटीमा राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार रात हुए सड़क हादसे में ग्राम अटाली निवासी 25 वर्षीय अजय सिंह की मृत्यु हो गई। अजय अपनी गर्भवती पत्नी से मिलने बघरा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र जा रहा था। दुर्घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल व्याप्त है।
अजय देर शाम अपने मित्र दीपक के साथ मोटरसाइकिल से तितावी की ओर आ रहा था। जैसे ही वह तितावी पुल के नीचे फ्लाईओवर के निकट पहुँचा, सामने से आ रहे अज्ञात ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में अजय सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि दीपक को हल्की चोटें आईं।
मौके पर पहुँची पुलिस व राहगीरों की मदद से अजय को तुरंत जिला चिकित्सालय ले जाया गया, जहाँ उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना मिलते ही परिजन, ग्रामीण व परिचित अस्पताल और थाने पर पहुँच गए।
परिवार के अनुसार अजय की शादी लगभग दस माह पूर्व हरिद्वार निवासी वर्षा से हुई थी। वर्षा इस समय गर्भवती है और इलाज हेतु बघरा सीएचसी में भर्ती है। युवक की मौत की खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया।
तितावी थाना पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया तथा घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि वाहन व चालक की पहचान कर शीघ्र कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group