मुज़फ्फरनगर। थाना रतनपुरी क्षेत्र में एंटी-रोमियो टीम द्वारा चलाए गए जनजागरूकता अभियान के तहत महिलाओं और स्कूली बालिकाओं को सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियाँ दी गईं। टीम ने सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं, महिला सुरक्षा हेल्पलाइन नंबरों, साइबर अपराध से बचाव के उपायों तथा लागू किए गए नए आपराधिक कानूनों के प्रावधानों के बारे में विस्तार से अवगत कराया।
जागरूकता कार्यक्रम के दौरान टीम के सदस्यों ने प्रतिभागियों को बताया कि किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, उत्पीड़न, पीछा किए जाने या संदिग्ध गतिविधि की स्थिति में तुरंत पुलिस से संपर्क करें। साथ ही साइबर फ्रॉड, सोशल मीडिया पर धोखाधड़ी एवं ऑनलाइन ब्लैकमेलिंग जैसे मामलों में सतर्क रहने और संदिग्ध लिंक, कॉल व मैसेज से दूरी बनाए रखने की अपील की गई।
इस दौरान महिलाओं और बालिकाओं को अपने अधिकारों, कानूनी सुरक्षा प्रावधानों तथा शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। कार्यक्रम का उद्देश्य महिला सुरक्षा के प्रति विश्वास बढ़ाना और उन्हें निर्भीक होकर अपनी बात रखने के लिए प्रोत्साहित करना रहा।
