मुजफ्फरनगर। थाना नई मंडी पुलिस ने चोरी की दो अलग-अलग वारदातों का खुलासा करते हुए देर रात मुठभेड़ के दौरान दो वांछित चोरों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। बदमाशों की ओर से की गई फायरिंग में पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक आरोपी गोली लगने से घायल हो गया।

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक 26 नवंबर की रात जौली रोड स्थित शराब की दुकान से नकदी व शराब की बोतलें चोरी की गई थीं, जबकि 11/12 दिसंबर को सरल फर्टिलाइजर फैक्ट्री के कार्यालय से नगदी चोरी हुई थी। इन घटनाओं को लेकर क्षेत्र में व्यापारियों में रोष था।

पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दोनों आरोपी किसी नई वारदात की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर भोपा रोड पर चेकिंग के दौरान एक बाइक को रोका गया, लेकिन बाइक सवार पुलिस पर फायरिंग करते हुए भागने लगे। पीछा करने पर बाइक फिसल गई और बदमाश जंगल की ओर भागे। घेराबंदी के बाद दोनों को पकड़ लिया गया।

पुलिस ने आरोपियों के पास से 62,200 रुपये नकद, एक पीली धातु की अंगूठी, आधार कार्ड, कीपैड मोबाइल, दो तमंचे, कारतूस और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। पूछताछ में दोनों ने चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group