मुजफ्फरनगर। जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नशे के सौदागरों की करोड़ों रुपये की संपत्ति जब्त की है। यह कार्रवाई सहारनपुर परिक्षेत्र के पुलिस अधिकारियों के निर्देशन और संजय कुमार वर्मा के नेतृत्व में अंजाम दी गई।
पुलिस जांच में सामने आया कि थाना मीरापुर क्षेत्र के रहने वाले दो सगे भाई लोकेन्द्र और योगेन्द्र लंबे समय से नशे के कारोबार में संलिप्त थे। पहले से दर्ज एनडीपीएस एक्ट के मामलों की विवेचना के दौरान यह तथ्य सामने आया कि आरोपियों ने अवैध कमाई से मुजफ्फरनगर और शामली में मकान, कृषि भूमि और प्लॉट खरीदे थे।
पुलिस ने सभी दस्तावेजों की जांच कर रिपोर्ट तैयार की और सक्षम प्राधिकारी से अनुमति लेकर चार संपत्तियों को कुर्क किया, जिनकी अनुमानित बाजार कीमत लगभग चार करोड़ रुपये आंकी गई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नशे के नेटवर्क को आर्थिक रूप से कमजोर करने के लिए आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि समाज को नशे के दुष्प्रभाव से बचाया जा सके।
