अलमासपुर चौराहे पर सोमवार सुबह एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जब कूकड़ा गांव निवासी एक नशेड़ी व्यक्ति ने शराब के नशे में खतरनाक कदम उठा लिया। घायल व्यक्ति की पहचान संदीप के रूप में हुई है, जो कूकड़ा मंडी में पल्लेदारी का काम करता है। राहगीरों के अनुसार व्यक्ति ने पहले अपने हाथ की नस काटी और इसके बाद अचानक सड़क पर आकर चलती गाड़ी के आगे चला गया।
घटना के तुरंत बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। कई राहगीरों ने तुरंत 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल व्यक्ति को सरकारी एंबुलेंस से सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया।
अस्पताल में चिकित्सकों द्वारा घायल का इलाज किया जा रहा है। डॉक्टरों के अनुसार व्यक्ति की स्थिति नाजुक बनी हुई है। पुलिस घटना के कारणों की जांच कर रही है और आसपास के लोगों से जानकारी जुटाई जा रही है।


