मुजफ्फरनगर, 13 जनवरी 2026। जनपद में संचालित विकास से संबंधित निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता एवं समयसीमा की समीक्षा को लेकर मंगलवार को विकास भवन सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने की। बैठक में विभिन्न विभागों एवं कार्यदायी संस्थाओं द्वारा कराए जा रहे निर्माण कार्यों की बिंदुवार समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित अवधि के भीतर पूर्ण किए जाएं और गुणवत्ता मानकों से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों में उपयोग की जाने वाली सामग्री उच्च गुणवत्ता की होनी चाहिए। निरीक्षण के दौरान यदि किसी भी स्तर पर अनियमितता या कमी पाई जाती है तो संबंधित कार्यदायी संस्था के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों एवं विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन विभागों के निर्माण कार्य चल रहे हैं, वे स्वयं स्थल निरीक्षण करें और निरीक्षण की वीडियो व फोटो सहित विस्तृत रिपोर्ट एक सप्ताह के भीतर मुख्य विकास अधिकारी को उपलब्ध कराएं। जिलाधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि निरीक्षण के दौरान किसी विभागीय स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो संबंधित अधिकारी के विरुद्ध भी आवश्यक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
बैठक में जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी को निर्देश दिए गए कि जनपद में एक करोड़ रुपये या उससे अधिक लागत वाली सभी परियोजनाओं की सूची शीघ्र उपलब्ध कराई जाए। वहीं सामान्य विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सभी निर्माण कार्यों से संबंधित पत्रावलियों को सुव्यवस्थित एवं सुरक्षित रखा जाए। जिन परियोजनाओं का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है, उनके हैंडओवर से पूर्व जिला प्रशासन को अनिवार्य रूप से सूचित करने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही सभी संबंधित विभागों को यह सुनिश्चित करने को कहा गया कि समीक्षा बैठकों में प्रोजेक्ट मैनेजर की उपस्थिति अनिवार्य रहे।
बैठक में कंडारकर कमल किशोर देशभूषण, दिग्विजय नाथ त्रिवेदी, सुनील तेवतिया, पंकज कुमार सहित लोक निर्माण विभाग, जिला पंचायत राज विभाग और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
