मुजफ्फरनगर। जिले के खतौली क्षेत्र में घने कोहरे के बीच तेज रफ्तार वाहन एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ। पिपलहेड़ा गांव के समीप जसौला मार्ग पर एक स्कॉर्पियो कार ने किसानों की बुग्गी को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे सड़क पर चीख-पुकार मच गई।
हादसे में बुग्गी में सवार आशीष शर्मा (22) और अनंत शर्मा (22) गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि बुग्गी में जुते भैंसे ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि बुग्गी के परखच्चे उड़ गए और गन्ना सड़क पर बिखर गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, स्कॉर्पियो कार खतौली तहसील में तैनात पटवारी विपिन मोतला चला रहे थे। हादसे के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ इकट्ठा हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने पहुंचकर घायलों को अस्पताल भिजवाया और वाहन को कब्जे में ले लिया।
ग्रामीणों का आरोप है कि कार की रफ्तार काफी तेज थी और चालक ने लापरवाही बरती। इस घटना को लेकर किसानों में भारी रोष है। पीड़ित परिवारों ने प्रशासन से इलाज का पूरा खर्च उठाने, मृत भैंस का मुआवजा देने और दोषी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Oplus_131072 