पुरकाजी/मुज़फ़्फ़रनगर। 29 दिसंबर 2025 कस्बा पुरकाजी में हलवाईयाँ मस्जिद के पास पुराने राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित एक बाइक सर्विस एवं रिपेयरिंग शॉप में अचानक लगी आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप धारण कर लिया। आगजनी में दुकान के भीतर खड़ी पाँच मोटरसाइकिलें, रिपेयरिंग उपकरण एवं स्पेयर-पार्ट्स पूरी तरह जलकर नष्ट हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुकान से धुआँ उठता देख आसपास के लोगों ने शोर मचाया और तुरंत दुकान स्वामी आशु फरीदी तथा पुलिस को सूचना दी। स्थानीय लोगों ने प्रारंभिक स्तर पर पानी व मिट्टी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया, किंतु आग तेजी से फैलती चली गई।
सूचना पर दमकल विभाग की गाड़ी मौके पर पहुँची और काफी मशक्कत के बाद आग को नियंत्रित किया गया। दमकल कर्मियों ने बताया कि यदि कुछ देर और हो जाती तो आग पास की दुकानों तक पहुँच सकती थी।
दुकानदार ने बताया कि आग में जलकर नष्ट हुई मोटरसाइकिलें मरम्मत हेतु ग्राहकों की थीं तथा दुकान में रखे कम्प्रेसर, बैटरी, औज़ार एवं इलेक्ट्रिक फिटिंग भी क्षतिग्रस्त हुई हैं। उन्होंने आर्थिक नुकसान को “काफी भारी” बताया है।
घटना की प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण विद्युत शॉर्ट-सर्किट माना जा रहा है। पुलिस व दमकल विभाग ने मौके का निरीक्षण कर विवरणी तैयार की है तथा नुकसान का आंकलन किया जा रहा है।
