मुजफ्फरनगर। पुरकाजी थाना पुलिस ने वाहन चोरी की बढ़ती घटनाओं पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से चार चोरी की मोटरसाइकिलें और एक बुग्गी बरामद की है। यह कार्रवाई क्षेत्र में सक्रिय वाहन चोरों के लिए कड़ा संदेश मानी जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार नवंबर और जनवरी माह में दर्ज वाहन चोरी की घटनाओं के खुलासे के लिए विशेष टीम गठित की गई थी। लगातार निगरानी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की पहचान की गई। मुखबिर से मिली पुख्ता सूचना के बाद पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से दबिश देकर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान भोला शर्मा (ग्राम कैल्लनपुर, पुरकाजी), अक्षय और विपिन (निवासी खेड़ा जट्ट, हरिद्वार) के रूप में हुई है। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी चोरी की मोटरसाइकिलें और बुग्गी बेचकर अवैध लाभ कमाते थे।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ चोरी व संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। बरामद वाहनों की पहचान कर उन्हें उनके वास्तविक स्वामियों तक पहुंचाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि आगे भी वाहन चोरी के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।
