मुजफ्फरनगर। शहर में सर्राफा व्यापारियों के बीच चिंता का विषय बनी चांदी चोरी की एक बड़ी घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। शहर कोतवाली पुलिस ने दो महीने से फरार चल रहे आरोपी चंद्रमणि शर्मा को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से भारी मात्रा में चांदी बरामद की है।
पुलिस जांच में सामने आया कि चंद्रमणि शर्मा एक सर्राफा व्यापारी के यहां सेल्समैन के रूप में कार्यरत था। विश्वास का फायदा उठाकर उसने लेन-देन के दौरान करीब 18 किलो चांदी अपने पास रख ली और अचानक लापता हो गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक बबलू सिंह वर्मा और आबकारी चौकी प्रभारी शशि कपूर की टीम ने मामले की जांच की। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी को चरथावल रोड के न्याजूपुरा पुल के पास से गिरफ्तार किया गया।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 14.6 किलो चांदी बरामद हुई, जिसकी बाजार कीमत लगभग 50 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस का कहना है कि शेष चांदी के संबंध में पूछताछ की जा रही है। आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group