मुज़फ्फरनगर, 23 जनवरी 2026। जनपद में अपराध नियंत्रण को लेकर चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना रतनपुरी पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है।वाहन चेकिंग के दौरान हुई मुठभेड़ में 25,000 रुपये का इनामी शातिर अपराधी गुफरान गोली लगने से घायल हो गया, जिसे पुलिस ने मौके से दबोच लिया।
जानकारी के अनुसार, रतनपुरी पुलिस टीम कल्याणपुर–टोडा मार्ग पर नियमित चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल सवार युवक को रोकने का इशारा किया गया, लेकिन उसने गति बढ़ाकर भागने का प्रयास किया। पीछा किए जाने पर उसकी बाइक असंतुलित होकर गिर गई, जिसके बाद वह पास के गन्ने के खेत में छिप गया।
खुद को घिरा हुआ देख आरोपी ने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगी। घायल अवस्था में उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान गुफरान पुत्र इरफान, निवासी ग्राम नंगला रियावली, थाना रतनपुरी के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के विरुद्ध मुज़फ्फरनगर, बागपत और आसपास के जनपदों में लूट, चोरी, हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट व आर्म्स एक्ट के कई मामले दर्ज हैं। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई को अपराध के खिलाफ सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है।
