मुजफ्फरनगर। जनपद में बढ़ते प्रदूषण और जहरीली हवा के खिलाफ भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) के कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए। संगठन के नेतृत्व में भोपा रोड पर दिल्ली से आ रही कचरा ढोने वाली भारी गाड़ियों को रोक दिया गया। प्रदर्शन की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंचने लगे और प्रदूषण के खिलाफ आवाज बुलंद की।
किसान नेताओं का आरोप है कि दिल्ली व अन्य महानगरों से लाया जा रहा कचरा और औद्योगिक इकाइयों में जलाया जा रहा अवैध ईंधन पूरे क्षेत्र को गैस चैंबर में बदल रहा है। गांवों में सांस लेना तक मुश्किल हो गया है, बच्चों और बुजुर्गों में सांस, आंखों में जलन और खांसी की शिकायतें लगातार बढ़ रही हैं।
प्रदूषण की भयावह स्थिति
स्थानीय लोगों के अनुसार क्षेत्र में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) लगातार खतरनाक स्तर की ओर बढ़ रहा है। कई दिनों से धुंध और धुएं की परत छाई हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि औद्योगिक इकाइयों द्वारा प्लास्टिक, रबर और अन्य हानिकारक कचरे को ईंधन के रूप में जलाया जा रहा है, जिससे जहरीली गैसें निकल रही हैं।
इकाइयों में मचा हड़कंप
प्रदर्शन की खबर फैलते ही अवैध ईंधन का इस्तेमाल करने वाली औद्योगिक इकाइयों में हड़कंप मच गया। किसान यूनियन ने चेतावनी दी कि यदि प्रदूषण फैलाने वाली इकाइयों पर तत्काल कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
भाकियू अराजनैतिक ने मांग की है कि
1. दिल्ली से कचरा लाने वाली गाड़ियों पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाए।
2. अवैध ईंधन का उपयोग करने वाली इकाइयों को सील किया जाए।
3. क्षेत्र में वायु गुणवत्ता की नियमित निगरानी कर रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए।
