मुजफ्फरनगर। जनपद के चरथावल थाना क्षेत्र में पशु चोरी की बढ़ती घटनाओं के बीच पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। चरथावल पुलिस ने सुनियोजित कार्रवाई करते हुए भैंस चोरी में सक्रिय गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें एक आरोपी घायल हो गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार बीती रात ग्राम सैद नगला क्षेत्र में भैंस चोरी की सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने इलाके में सघन चेकिंग शुरू की। इसी दौरान संदिग्धों ने पुलिस को देखकर भागने की कोशिश की और खुद को बचाने के लिए फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी इनाम पुत्र शरीफ, निवासी ग्राम सिंधावली, पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जिसे मौके से गिरफ्तार कर अस्पताल भेजा गया।
दूसरे आरोपी शाहनूर पुत्र रज्जाउल्ला, निवासी चूड़ियाला, को पुलिस ने घेराबंदी कर दबोच लिया। पुलिस ने चोरी की गई भैंस को भी सकुशल बरामद कर लिया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ पशु चोरी से जुड़े पुराने रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं। घटना से क्षेत्र में दहशत फैलाने वाले पशु चोरों पर सख्त संदेश गया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group