मुजफ्फरनगर। जनपद के भोपा थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर देखने को मिला। स्कूटी और बाइक की आमने-सामने टक्कर में एक 21 वर्षीय युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और यातायात कुछ देर के लिए बाधित रहा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कल्याणपुर गांव निवासी करिश्मा पत्नी शिवम स्कूटी से अपने गांव की ओर जा रही थी। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने नियंत्रण खो दिया और स्कूटी से टकरा गई। टक्कर के बाद करिश्मा सड़क पर दूर जा गिरी, जिससे उसके सिर में गहरी चोट आई और शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।
हादसा होते ही स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल युवती को सुरक्षित स्थान पर लिटाया और 108 एंबुलेंस सेवा को सूचना दी। कुछ ही देर में एंबुलेंस मौके पर पहुंची। ईएमटी इंद्रपाल और चालक नितिन पंवार ने प्राथमिक उपचार के बाद घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने करिश्मा की स्थिति को गंभीर बताते हुए निगरानी में रखा है। वहीं पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है।
