मुज़फ्फरनगर। जनपद मुज़फ्फरनगर के भोपा क्षेत्र में एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें बाइक सवार व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार अज्ञात वाहन टक्कर मारने के बाद चालक मौके से फरार हो गया। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और परिजनों में कोहराम मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना भोपा क्षेत्र के कासमपुर के पास यह हादसा उस समय हुआ, जब गांव कादीपुर निवासी राकेश उर्फ राका (उम्र लगभग 52 वर्ष) बाइक से दूध लेकर पटेल नगर स्थित अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि राकेश सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।
राहगीरों ने तत्काल घटना की सूचना पुलिस और एम्बुलेंस को दी। मौके पर पहुंची एम्बुलेंस द्वारा घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भोपा ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक अपने पीछे पत्नी, एक पुत्र, एक पुत्री और बुजुर्ग मां को छोड़ गया है। अचानक हुई इस घटना से परिवार में मातम पसरा हुआ है। गांव में भी शोक का माहौल है।
पुलिस का कहना है कि अज्ञात वाहन और चालक की तलाश की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और जल्द ही आरोपी वाहन की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।
