मुजफ्फरनगर। जिला उद्योग एवं प्रोत्साहन केंद्र द्वारा एक जनपद एक उत्पाद (ओडीओपी) टूल किट योजना के अंतर्गत 10 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत कर दी गई है। यह कार्यक्रम शुक्रवार, 9 जनवरी 2026 को माननीय जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल ने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे प्रतिभागियों से सीधे संवाद किया। उन्होंने कहा कि यह प्रशिक्षण युवाओं और कारीगरों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने सभी प्रशिक्षणार्थियों से अपील की कि वे पूरे मन से प्रशिक्षण लें और सीखी गई जानकारी का उपयोग अपने रोजगार को आगे बढ़ाने में करें।
इस मौके पर सहायक आयुक्त उद्योग आशीष कुमार ने प्रशिक्षण कार्यक्रम की पूरी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 10 दिनों के इस प्रशिक्षण में प्रतिभागियों को काम से जुड़े जरूरी औजारों, तकनीक और स्वरोजगार शुरू करने की व्यवहारिक जानकारी दी जाएगी।
कार्यक्रम में यूपीकॉन के प्रशिक्षण समन्वयक सतेंद्र भराला, प्रगतिशील किसान अरविंद मलिक, प्रशिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में प्रशिक्षणार्थी मौजूद रहे।


