मुजफ्फरनगर। जनपद में बाहरी लोगों और संदिग्ध निवासियों को लेकर पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गई है। इसी क्रम में सोमवार देर रात पुलिस द्वारा विशेष सत्यापन अभियान चलाया गया। शहर और देहात क्षेत्रों की कई झुग्गी-बस्तियों में पहुंचकर पुलिस ने वहां रह रहे लोगों के आधार कार्ड, पहचान पत्र और निवास से जुड़े दस्तावेजों की गहन जांच की।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक यह कार्रवाई घुसपैठ की आशंका को देखते हुए की गई है। अभियान के दौरान मजदूरी करने वाले, फुटपाथ पर रहने वाले और अस्थायी ठिकानों में रह रहे लोगों से पूछताछ की गई। कई लोगों से मोबाइल नंबर, स्थायी पता और कार्य स्थल की जानकारी भी जुटाई गई।
पुलिस अधिकारियों ने साफ कहा है कि बिना पहचान पत्र या गलत जानकारी देने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। अभी तक किसी भी संदिग्ध व्यक्ति के अवैध विदेशी होने की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन पुलिस का अभियान आगे भी जारी रहेगा। प्रशासन का उद्देश्य जिले में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखना और अपराध पर पूरी तरह नियंत्रण बनाए रखना है।
