मुजफ्फरनगर। समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत एलिम्को कानपुर के सहयोग से जिले में दिव्यांग बच्चों के लिए निःशुल्क सहायक उपकरण वितरण शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान परिसर स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय में आयोजित हुआ, जहां विभिन्न परिषदीय विद्यालयों में पढ़ने वाले दिव्यांग बच्चों को आवश्यक उपकरण प्रदान किए गए।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायतराज अधिकारी श्रीमती रेनू श्रीवास्तव, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी श्री संदीप कुमार, डायट प्राचार्य श्री विश्वदीपक त्रिपाठी व बाल कल्याण समिति सदस्य डॉ. राजीव कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर किया। वक्ताओं ने कहा कि दिव्यांग बच्चों को आत्मनिर्भर बनाना सरकार की प्राथमिकता है।
शिविर में 70 बच्चों को 15 ट्राईसाइकिल, 16 व्हीलचेयर, 16 हियरिंग एड, 3 सीपी चेयर, 24 मानसिक दिव्यांग किट, 2 रोलेटर व 1 बैसाखी वितरित की गई। एलिम्को के विशेषज्ञों ने उपकरणों के सही उपयोग की जानकारी भी दी। आयोजन में विद्यालय स्टाफ व स्पेशल एजूकेटर्स का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
