
मुजफ्फरनगर, 27 नवंबर 2025। किसानों की सुविधा और ऊर्जा बचत को बढ़ावा देने के लिए कृषि विभाग ने प्रधानमंत्री किसान ऊर्जा सुरक्षा एवं उत्थान महाभियान (पीएम-कुसुम) योजना के अंतर्गत सोलर पम्प की ऑनलाइन बुकिंग प्रक्रिया शुरू कर दी है। उप कृषि निदेशक प्रमोद सिरोही ने बताया कि केवल वही किसान सोलर पम्प की बुकिंग कर सकते हैं, जिन्होंने पहले से विभागीय पोर्टल agriculture.up.gov.in पर अपना पंजीकरण कराया हुआ है।
उन्होंने कहा कि सोलर पम्प के लिए किसानों का चयन ई-लाटरी के माध्यम से होगा। इच्छुक किसान 26 नवंबर 2025 को दोपहर 3 बजे से 15 दिसंबर 2025 तक पोर्टल पर उपलब्ध “अनुदान पर सोलर पम्प हेतु बुकिंग करें” लिंक के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। निर्धारित लक्ष्य पूरा होने पर बुकिंग स्वतः बंद हो जाएगी।
बुकिंग कन्फर्म होने पर किसान को संदेश उसके पंजीकृत मोबाइल नंबर पर भेज दिया जाएगा। इसके बाद किसान को निर्धारित समय के भीतर विभागीय पोर्टल से चालान जनरेट कर इण्डियन बैंक की किसी भी शाखा में अपना किसान अंश जमा करना होगा। तय समय पर राशि जमा न करने पर आवेदन निरस्त हो जाएगा और जमा टोकन मनी ₹5000 भी जब्त कर ली जाएगी।
उप कृषि निदेशक ने चेतावनी दी कि यदि किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा किसान अंश की राशि जमा कराने के लिए फोन किया जाता है, तो किसान ऐसे कॉल पर भरोसा न करें और तुरंत कृषि विभाग कार्यालय से संपर्क करें।
कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे अपनी जरूरत के अनुसार समय से सोलर पम्प की ऑनलाइन बुकिंग करें और सभी भुगतान केवल विभागीय पोर्टल से जनरेट चालान के माध्यम से ही जमा करें। अधिक जानकारी के लिए किसान उप कृषि निदेशक या उप सम्भागीय कृषि प्रसार अधिकारी कार्यालय मुजफ्फरनगर से संपर्क कर सकते हैं।
