मुजफ्फरनगर | पेंशनर्स दिवस के अवसर पर मुजफ्फरनगर में आयोजित एक विशेष सम्मेलन में पेंशनभोगियों ने आठवें वेतन आयोग में पेंशन पुनरीक्षण को अनिवार्य रूप से शामिल करने की मांग को लेकर सरकार पर दबाव बनाया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न विभागों से सेवानिवृत्त कर्मचारी और पेंशनर्स संगठनों के पदाधिकारी बड़ी संख्या में शामिल हुए।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए गवर्नमेंट पेंशनर्स वेलफेयर ऑर्गेनाइजेशन के अध्यक्ष इंजी. बी.आर. शर्मा ने कहा कि बढ़ती महंगाई के बीच पेंशन संशोधन न होना पेंशनर्स के जीवन को कठिन बना देगा। उन्होंने बताया कि इस मुद्दे को लेकर प्रधानमंत्री और वित्त मंत्री को ज्ञापन भेजा गया है, ताकि पेंशनभोगियों की आवाज केंद्र सरकार तक पहुंचे।
वरिष्ठ कोषाधिकारी ने मंच से जानकारी देते हुए बताया कि प्रशासन द्वारा पेंशनर्स की सुविधाओं को प्राथमिकता दी जा रही है। 80 वर्ष से अधिक आयु वाले एवं दिव्यांग पेंशनर्स के लिए घर बैठे जीवन प्रमाण पत्र सत्यापन की व्यवस्था की गई है।
कार्यक्रम में विद्युत पेंशनर्स परिषद, सेवानिवृत्त कर्मचारी एवं पेंशनर्स एसोसिएशन, डिप्लोमा इंजीनियर कल्याण संघ सहित कई संगठनों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। इंजी. पी.के. गुप्ता, रविंद्र नागर, ईश्वर सिंह बालियान, रामबीर सिंह, डी.के. गुप्ता समेत अनेक पेंशनर्स ने अपने सुझाव और समस्याएं साझा कीं।सम्मेलन का संचालन शिवकुमार वर्मा ने किया
