मुजफ्फरनगर। जिले में लगातार बढ़ते वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। जिलाधिकारी के निर्देश पर गठित संयुक्त टीम ने शनिवार को अवैध रूप से संचालित स्लैग क्रशिंग इकाइयों के खिलाफ व्यापक छापेमारी अभियान चलाया। अभियान में जिला प्रशासन, पुलिस, विद्युत विभाग, जिला उद्योग केंद्र और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारी शामिल रहे।
टीम ने सुजडू क्षेत्र के अरिहंत रोड और संधावली रोड स्थित छह स्लैग क्रशिंग यूनिटों को बिना वैध अनुमति और पर्यावरणीय मानकों के उल्लंघन में संचालित पाया। मौके पर ही सभी छह इकाइयों को सील कर दिया गया और उनके बिजली कनेक्शन भी काट दिए गए। कार्रवाई से अवैध रूप से संचालित उद्योगों में हड़कंप मच गया।
प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी ने बताया कि राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में इस समय ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान लागू है। इसी के तहत जनपद में वायु गुणवत्ता सुधारने के लिए हॉट स्पॉट क्षेत्रों में एंटी स्मॉग गन से धुंध को नियंत्रित किया जा रहा है और सड़कों पर पानी का छिड़काव कराया जा रहा है।
प्रशासन ने सभी उद्योग संचालकों को निर्देश दिए हैं कि वे केवल अनुमन्य ईंधन का प्रयोग करें और प्रदूषण नियंत्रण उपकरणों को नियमित रूप से चलाएं।




Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group