मुजफ्फरनगर।भारी बारिश और जलभराव ने मुजफ्फरनगर के ग्रामीण इलाकों में तबाही मचा दी है। भूराहेड़ी गांव निवासी सतीश कुमार पुत्र नाथीराम का घर बारिश के दौरान 10 सितंबर 2025 की रात अचानक गिर गया। मकान गिरने से परिवार बाल-बाल बच गया, लेकिन पूरी गृहस्थी मलबे में दबकर नष्ट हो गई।पीड़ित सतीश कुमार ने बताया कि लगातार जलभराव के कारण दीवारें कमजोर हो गई थीं। हादसे के बाद उन्होंने ग्राम प्रधान और लेखपाल को सूचना दी, जिन्होंने नुकसान की रिपोर्ट तैयार की। लेकिन तीन माह बीत जाने के बावजूद किसी अधिकारी ने मौके पर जाकर स्थिति नहीं देखी। सतीश ने तीन बार तहसील में राहत राशि के लिए आवेदन दिया, मगर कोई कार्रवाई नहीं हुई।पीड़ित परिवार का कहना है कि घटना में करीब डेढ़ लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है और वे फिलहाल रिश्तेदारों के घर में रह रहे हैं।जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने एसडीएम सदर को मदद देने के निर्देश तो दिए, लेकिन अब तक कोई राहत नहीं मिली। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित परिवार को तत्काल सहायता और जलभराव की समस्या से स्थायी राहत दिलाई जाए।
