मुजफ्फरनगर, 16 जनवरी 2026। जनपद में विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत मतदाता सूची को पूर्णतः शुद्ध, पारदर्शी और अद्यतन बनाने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक अभियान शुरू कर दिया है। उप जिला निर्वाचन अधिकारी/अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) श्री संजय कुमार सिंह ने बताया कि मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश लखनऊ के निर्देशानुसार 18 जनवरी 2026 को जिले के सभी छह विधानसभा क्षेत्रों के प्रत्येक मतदान केंद्र पर बूथ लेवल अधिकारियों द्वारा प्रारूप मतदाता सूची पढ़कर सुनाई जाएगी, ताकि आम नागरिक स्वयं अपने नाम, आयु, पते और अन्य विवरणों की पुष्टि कर सकें।
यह अभियान जिले की सभी छह विधानसभाओं—11 बुढ़ाना, 12 चरथावल, 13 पुरकाजी (अ.जा.), 14 मुजफ्फरनगर, 15 खतौली और 16 मीरापुर—में एक साथ संचालित किया जाएगा। निर्वाचन आयोग ने इस विशेष पुनरीक्षण के लिए चार विशेष अभियान दिवस तय किए हैं, जिनमें 17 जनवरी (शनिवार), 18 जनवरी (रविवार), 31 जनवरी (शनिवार) और 01 फरवरी (रविवार) शामिल हैं। इन तिथियों में सभी बूथ लेवल अधिकारी अपने-अपने मतदान केंद्रों पर मतदाता सूची के साथ मौजूद रहेंगे और नागरिकों की आपत्तियों, दावों और सुझावों पर तुरंत कार्यवाही करेंगे।
यदि किसी मतदाता का नाम गलत लिखा गया है, उम्र या पते में त्रुटि है, या नाम सूची से छूट गया है तो मौके पर ही आवश्यक सुधार की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। साथ ही जिन युवाओं ने 18 वर्ष की आयु पूरी कर ली है, वे इन तिथियों में अपने बूथ पर जाकर फॉर्म-6 भरकर अपना नाम मतदाता सूची में जुड़वा सकते हैं। प्रशासन ने विशेष रूप से नए मतदाताओं से अपील की है कि वे इस अवसर का लाभ उठाएं और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।
नागरिकों की सुविधा के लिए मतदाता सूची सभी मतदान केंद्रों पर निःशुल्क देखने के लिए उपलब्ध रहेगी। इसके अलावा मतदाता घर बैठे भी ऑनलाइन अपने नाम की पुष्टि कर सकते हैं। इसके लिए वे www.ceouttarpradesh.nic.in पर जाकर “Search Your Name Electoral Roll” विकल्प पर क्लिक कर सकते हैं, या https://voters.eci.gov.in पर अपना विवरण देख सकते हैं। मोबाइल उपयोगकर्ताओं के लिए Voter Helpline App भी उपलब्ध है, जिसे डाउनलोड कर मतदाता सूची, मतदान केंद्र की जानकारी और अन्य सेवाएं आसानी से प्राप्त की जा सकती हैं।
अपर जिलाधिकारी श्री संजय कुमार सिंह ने जिले के सभी नागरिकों से आग्रह किया है कि वे 17 और 18 जनवरी को अपने-अपने बूथ पर जाकर मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य देखें, ताकि आगामी चुनाव प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और त्रुटिरहित हो सके।
