मुज़फ्फरनगर। महान गणितज्ञ श्रीनिवास रामानुज की जयंती के अवसर पर गांधी कॉलोनी स्थित श्री कृष्णा जानकी सरस्वती शिशु मंदिर में शैक्षणिक उत्साह से भरपूर कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर मेधावी प्रतिभा खोज परीक्षा, गणित प्रदर्शनी तथा विविध शैक्षणिक प्रतियोगिताओं का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन शशिकांत स्मृति मंच एवं ऑल इंडिया एंटी करप्शन कमेटी, मुज़फ्फरनगर इकाई के संयुक्त सहयोग से किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि इंजीनियर सुभाष चंद्र अग्रवाल ने किया। उन्होंने कहा कि शशिकांत स्मृति मंच निर्धन कन्याओं के विवाह, जरूरतमंद विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति एवं शिक्षण सामग्री उपलब्ध कराने जैसे समाजोपयोगी कार्यों में निरंतर सक्रिय है। मंच के अध्यक्ष डॉ. अभिषेक अग्रवाल ने बताया कि संस्था के कार्यक्रम देश के साथ-साथ विदेशों में भी आयोजित किए जा रहे हैं, जबकि उपाध्यक्ष श्रीमती आकांक्षा अग्रवाल ने बालिका एवं महिला सशक्तिकरण से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी।
गणित प्रदर्शनी में विद्यार्थियों द्वारा बनाए गए मॉडल, चार्ट और प्रोजेक्ट्स ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। सभासद अमित पटपटिया ने बच्चों की रचनात्मकता की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को नकद पुरस्कार व आकर्षक स्टेशनरी किट देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के संचालन प्रधानाचार्य मोहन सिंह ने किया, जबकि विद्यालय प्रबंधक विकास आहूजा ने सभी अतिथियों व विद्यालय परिवार के प्रति आभार प्रकट किया।
