मुजफ्फरनगर। राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह–2026 के अंतर्गत जनपद मुजफ्फरनगर में सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से एक भव्य सड़क सुरक्षा मार्च का आयोजन किया गया। यह मार्च नगर पालिका परिषद परिसर से शुरू होकर रानी लक्ष्मीबाई स्थल, कचहरी मार्ग, प्रकाश चौक होते हुए महावीर चौक पर जाकर संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का आयोजन माननीय मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश के आदेशों के क्रम में तथा जिलाधिकारी उमेश मिश्रा के निर्देशन में किया गया। सड़क सुरक्षा मार्च का नेतृत्व नगर पालिका परिषद मुजफ्फरनगर की अध्यक्षा मिनाक्षी स्वरूप ने किया, जबकि अध्यक्षता सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) सुशील कुमार मिश्र द्वारा की गई।
मार्च के दौरान “आओ मिलकर कसम खाएं, मुजफ्फरनगर को सड़क दुर्घटना मुक्त बनाएं” जैसे नारों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया गया। अधिकारियों ने दुपहिया वाहन चालकों से हेलमेट पहनने, कार चालकों से सीट बेल्ट लगाने और तेज गति से वाहन न चलाने की अपील की। साथ ही अभिभावकों से 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों को वाहन न सौंपने का आग्रह किया गया।
इस अवसर पर परिवहन विभाग, यातायात पुलिस, उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम, नगर पालिका परिषद के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सड़क सुरक्षा नियमों के पालन का संकल्प दिलाते हुए सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group