मुजफ्फरनगर, 26 जनवरी 2026। 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर रिज़र्व पुलिस लाइन्स, मुजफ्फरनगर में भव्य एवं अनुशासित परेड का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री (विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी) श्री अनिल कुमार ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली और मान-प्रणाम स्वीकार किया। 6वीं वाहिनी पीएसी मेरठ के बैंड दल द्वारा राष्ट्रधुन प्रस्तुत की गई, जिससे वातावरण देशभक्ति से ओत-प्रोत हो उठा।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री संजय कुमार वर्मा ने पुलिसकर्मियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए निष्ठा, ईमानदारी तथा भारतीय संविधान और कानून के पालन की शपथ दिलाई। परेड का संचालन प्रथम कमाण्डर सहायक पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धार्थ के. मिश्रा, द्वितीय कमाण्डर प्रतिसार निरीक्षक श्री ऊदल सिंह एवं तृतीय कमाण्डर महिला उपनिरीक्षक ज्योति चौधरी के नेतृत्व में किया गया।
मार्च-पास्ट में यातायात, सशस्त्र व नागरिक पुलिस, एनसीसी, अग्निशमन विभाग की टुकड़ियों के साथ मोटरसाइकिल दस्ता, स्वान दल, रेडियो सेक्शन, विधि विज्ञान इकाई, यूपी-112 वाहन, वज्र वाहन, क्रेन और फायर टैंकर शामिल रहे।
इसके पश्चात मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में कानून-व्यवस्था सुदृढ़ रखने में पुलिस की भूमिका की सराहना की। जनपद में उत्कृष्ट एवं सराहनीय सेवाओं के लिए पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को पदक, प्रशंसा चिन्ह और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही समाज में उल्लेखनीय योगदान देने वाले नागरिकों को भी सम्मान प्रदान किया गया।
कार्यक्रम के सांस्कृतिक सत्र में विभिन्न विद्यालयों के बच्चों ने मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। अंत में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा मुख्य अतिथि को प्रतीक चिन्ह भेंट किया गया तथा प्रतिभागी विद्यालयों के बच्चों को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी सहित प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी, गणमान्य नागरिक, पुलिस पेंशनर्स, पत्रकार एवं न्यायिक अधिकारी उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम को हर्षोल्लास और गरिमा के साथ सम्पन्न कराया गया।



