मुज़फ्फरनगर। पुलिसकर्मियों की व्यस्त ड्यूटी शेड्यूल और तनावपूर्ण कार्य परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए वामा सारथी उत्तर प्रदेश पुलिस फैमिली वेलफेयर एसोसिएशन ने रिजर्व पुलिस लाइन, मुज़फ्फरनगर में एक विशेष “वामा वेलनेस कैम्प” का आयोजन किया, जिसमें पुलिस परिवारों को होम्योपैथिक चिकित्सा सेवाएं व स्वास्थ्य परामर्श उपलब्ध कराया गया। यह कैम्प 4 जनवरी 2026 को पुलिस लाइन स्थित बहुउद्देशीय हॉल में आयोजित हुआ।
शिविर का शुभारंभ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री संजय कुमार वर्मा की धर्मपत्नी एवं वामा सारथी समिति की नोडल डॉ. नीलम राय द्वारा किया गया। उन्होंने उपस्थित पुलिस परिवारों से बातचीत कर उनकी स्वास्थ्य आवश्यकताओं, जीवनशैली से जुड़े चुनौतियों और चिकित्सा सहायता संबंधी अपेक्षाओं की जानकारी ली। डॉ. राय ने कहा कि मजबूत पुलिस तंत्र का आधार उनके परिवारों का स्वास्थ्य और सुरक्षा है, इसलिए वामा सारथी लगातार कल्याणकारी कार्यक्रमों को आगे बढ़ा रहा है।
शिविर में बड़ी संख्या में पुलिस कर्मियों के परिजनों ने स्वास्थ्य परीक्षण करवाया, जहां विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा होम्योपैथिक पद्धति से परामर्श, दवा वितरण और रोगानुसार सलाह प्रदान की गई। प्रतिभागियों ने बताया कि इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर तनाव कम करने और जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक अपराध श्रीमती इन्दु सिद्धार्थ, क्षेत्राधिकारी जानसठ श्रीमती रूपाली राय, क्षेत्राधिकारी कार्यालय सुश्री ऋषिका सिंह, प्रतिसार निरीक्षक श्री ऊदल सिंह सहित पुलिस विभाग के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
डॉ. नीलम राय ने कहा कि भविष्य में भी वामा सारथी द्वारा पुलिस परिवारों के लिए स्वास्थ्य, शिक्षा और सामाजिक सहयोग से जुड़े कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि पुलिस बल और उनके परिवार सशक्त एवं सुरक्षित रह सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group