मुज़फ़्फ़रनगर, शाहपुर — 20 जनवरी 2026:
शाहपुर थाना क्षेत्र के गढ़ी बहादुरपुर गांव में विद्युत विभाग की कथित लापरवाही के कारण एक बेज़ुबान जानवर की जान चली गई। स्थानीय किसान लोकेश प्रजापति का घोड़ा रोज़ की तरह खेत से घर लौट रहा था, तभी सड़क किनारे लगे पुराने बिजली के खंभे से लटक रहे खुले तार ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, करंट इतना तेज था कि घोड़ा तड़पने का भी समय नहीं मिला और वह मौके पर ही दम तोड़ गया।
घटना के बाद ग्रामीण आक्रोशित हो गए और सड़क पर जमा होकर प्रदर्शन करने लगे। लोगों ने बताया कि पिछले कई महीनों से इस खंभे के तार ढीले पड़े थे। बार-बार शिकायत के बावजूद विभाग ने न तो खंभा बदला और न ही सुरक्षा कवर लगाया। स्थानीय निवासी रामवीर सिंह ने कहा कि “आज जानवर मरा है, कल किसी बच्चे की जान भी जा सकती है।”
सूचना मिलते ही जिला पंचायत सदस्य विजय चौधरी गांव पहुंचे। उन्होंने तुरंत विद्युत विभाग और पुलिस को फोन किया तथा पीड़ित परिवार के लिए आर्थिक सहायता की मांग उठाई। चौधरी ने कहा कि यदि लापरवाही साबित हुई तो जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कराई जाएगी।
पुलिस ने पंचनामा भरकर जांच शुरू कर दी है, जबकि विद्युत विभाग की टीम ने अस्थायी रूप से लाइन बंद कर मरम्मत कार्य शुरू किया है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि स्थायी समाधान नहीं हुआ तो वे बड़ा आंदोलन करेंगे।
