मुज़फ्फरनगर। जिले में बिजली उपकरण चोरी की बढ़ती घटनाओं पर बड़ी कार्रवाई करते हुए शाहपुर थाना पुलिस ने ट्रांसफार्मर और हाईटेंशन तार चोरी करने वाले शातिर गिरोह को धर दबोचा। देर रात हुई पुलिस-बदमाश मुठभेड़ में तीन आरोपियों को गोली लगने के बाद गिरफ्तार किया गया, जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार क्षेत्र में गश्त और चेकिंग के दौरान निरमाना-करौदी मार्ग पर एक संदिग्ध कार दिखाई दी। रुकने का इशारा करने पर कार सवार बदमाश भागने लगे और खुद को घिरा देख पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में तीनों बदमाश घायल हो गए और मौके पर ही काबू कर लिए गए।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नीरज (निवासी फुगाना), अनिल कुमार (निवासी बहलना) और आरिफ (निवासी मोरना) के रूप में हुई है। पूछताछ में सामने आया कि यह गिरोह ग्रामीण इलाकों में ट्रांसफार्मरों से कॉपर और तार चोरी कर उन्हें कबाड़ी बाजार में बेचता था।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 1.30 कुंतल कॉपर पत्ती, 50 किलो कॉपर कॉइल, 55 किलो एल्युमिनियम तार, लगभग 200 मीटर हाईटेंशन तार, एक कार और तीन अवैध तमंचे बरामद किए हैं।
उत्तर प्रदेश पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ चोरी, आर्म्स एक्ट सहित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।
