मुज़फ्फरनगर। नई मंडी थाना क्षेत्र स्थित एक कॉलोनी में सेवानिवृत्त शिक्षक के 40 वर्षीय पुत्र ने अपने कमरे में गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय उसके पिता घर में ही मौजूद थे। जानकारी फैलने पर कॉलोनी में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, युवक पिछले कुछ समय से बेरोजगारी और पारिवारिक परिस्थितियों के कारण तनाव में चल रहा था। उसकी माता का लगभग तीन माह पूर्व निधन हो गया था। वहीं, उसकी पत्नी गुरुग्राम में नौकरी करती है और काफी दिनों से घर नहीं आई थी, जिससे वैवाहिक संबंधों में दूरी बढ़ने की बात भी सामने आई है।

रात में गोली चलने की सूचना पर नई मंडी कोतवाली पुलिस और क्षेत्राधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने कमरे से लाइसेंसी पिस्टल और चार कारतूस को कब्जे में लिया। परिजनों ने पोस्टमार्टम और मुकदमा दर्ज कराने से इनकार कर दिया।

नई मंडी सीओ राजू कुमार साव ने बताया कि सामाजिक प्रतिनिधियों की उपस्थिति में पंचनामा भरकर शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने हथियार को सुरक्षित रखकर घटना से संबंधित तथ्यों की पुष्टि की प्रक्रिया आगे बढ़ाई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group