मुज़फ्फ़रनगर | मुज़फ्फ़रनगर साइबर क्राइम पुलिस ने ऑनलाइन निवेश के नाम पर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस साइबर फ्रॉड में अब तक ₹3.09 करोड़ की धोखाधड़ी सामने आ चुकी है। पुलिस ने मामले में तीसरे आरोपी खालिद को बाराबंकी जिले से गिरफ्तार किया है।
साइबर थाना प्रभारी के अनुसार, पीड़ित सचिन कुमार, निवासी नई मंडी, मुज़फ्फ़रनगर, को फेसबुक के जरिए निवेश का लालच दिया गया था। आरोपी ने अधिक रिटर्न का वादा कर कई चरणों में पैसे ट्रांसफर कराए। बाद में संपर्क टूटने पर ठगी का एहसास हुआ।
जांच के दौरान पुलिस को अंतरजनपदीय नेटवर्क के संकेत मिले। आरोपी टेलीग्राम चैनलों और फर्जी निवेश वेबसाइटों के जरिए लोगों को फंसा रहे थे। गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए गए हैं, जिनसे ठगी के साक्ष्य मिले हैं।
पुलिस ने संबंधित बैंक खातों में जमा धनराशि को फ्रीज़ कर पीड़ित को रकम वापस दिलाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। एक अन्य आरोपी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर निवेश संबंधी किसी भी प्रस्ताव से पहले पूरी जांच करें।
