मुजफ्फरनगर, 28 जनवरी 2026। जनपद की स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने की दिशा में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने बुधवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खतौली, ट्रॉमा सेंटर खतौली तथा जिला चिकित्सालय का विस्तृत निरीक्षण किया।
निरीक्षण की शुरुआत सीएचसी खतौली से हुई, जहां सीएमओ ने ओपीडी व्यवस्था, साफ-सफाई, दवाओं की उपलब्धता, मरीजों की पंजीकरण प्रक्रिया और स्टाफ की उपस्थिति का जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिए कि मरीजों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
इसके बाद डॉ. तेवतिया ने ट्रॉमा सेंटर खतौली का निरीक्षण किया। यहां प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. सतीश कुमार को आपातकालीन सेवाओं को और अधिक चुस्त-दुरुस्त रखने, जीवनरक्षक उपकरणों की नियमित जांच सुनिश्चित करने तथा गंभीर मरीजों को बिना देरी उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
जिला चिकित्सालय निरीक्षण के दौरान सीएमओ कक्ष संख्या 9 स्थित हड्डी रोग विभाग पहुंचे, जहां उन्होंने स्वयं ओपीडी में बैठकर बड़ी संख्या में आए मरीजों का परीक्षण किया। उन्होंने मरीजों को हड्डी संबंधी रोगों की रोकथाम, कैल्शियम की आवश्यकता, वृद्धावस्था में सावधानियां तथा चोट लगने पर प्राथमिक उपचार के विषय में भी जानकारी दी।
बाल रोग विभाग में डॉ. गरिमा जैन से भर्ती बच्चों की स्वास्थ्य स्थिति, दवाओं की उपलब्धता तथा संसाधनों की समीक्षा की गई। सीएमओ ने निर्देश दिए कि बच्चों को समयबद्ध उपचार और संक्रमण से सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता हो।
निरीक्षण के अंत में पोषण पुनर्वास केंद्र का जायजा लिया गया। प्रभारी चिकित्सक डॉ. आरती नंदनवार को कुपोषित बच्चों की नियमित मॉनिटरिंग, वजन और पोषण स्तर की सतत जांच तथा अभिभावकों को संतुलित आहार के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए गए।
सीएमओ ने कहा कि जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और निरीक्षण अभियान आगे भी जारी
