मुज़फ्फरनगर, 23 जनवरी 2026 । जनपद में आपदा प्रबंधन को लेकर प्रशासन की तैयारियों को परखने और आम नागरिकों को जागरूक करने के उद्देश्य से शुक्रवार को डीएवी इंटर कॉलेज के मैदान में ब्लैकआउट मॉक ड्रिल आयोजित की गई। इस अभ्यास में नागरिक सुरक्षा, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग, फायर ब्रिगेड एवं अन्य विभागों ने संयुक्त रूप से भाग लिया।
मॉक ड्रिल के दौरान जैसे ही सायरन बजा, पूरे परिसर की विद्युत आपूर्ति बंद कर दी गई और पूर्ण ब्लैकआउट की स्थिति बनाई गई। अधिकारियों ने बताया कि युद्ध या हवाई हमले जैसी परिस्थितियों में रोशनी बंद रखना अत्यंत आवश्यक होता है, जिससे दुश्मन को किसी भी प्रकार की लोकेशन की जानकारी न मिल सके।
फायर ब्रिगेड की टीम द्वारा आग लगने और इमारत में फंसे व्यक्ति को सुरक्षित निकालने का लाइव रेस्क्यू प्रदर्शन किया गया। घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल पहुंचाने की प्रक्रिया का भी अभ्यास कराया गया।
जिलाधिकारी उमेश कुमार मिश्रा ने कहा कि आपात स्थिति में नागरिकों को घबराने के बजाय सुरक्षित स्थानों पर शरण लेनी चाहिए और अनावश्यक रोशनी व मोबाइल फ्लैश का प्रयोग नहीं करना चाहिए। अपर जिलाधिकारी गजेंद्र कुमार ने बताया कि इस तरह की मॉक ड्रिल जनता को मानसिक और व्यवहारिक रूप से तैयार करने में सहायक होती हैं।
कार्यक्रम में नगर पालिका, आपदा एवं नागरिक सुरक्षा विभाग, बिजली विभाग, पशु चिकित्सा विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, स्वयंसेवक, छात्र-छात्राएं और स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group