मुजफ्फरनगर | 26 जनवरी 2026। जनपद में 77वां गणतंत्र दिवस पूरे हर्षोल्लास, गरिमा और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। मुख्य समारोह कलेक्ट्रेट प्रांगण में आयोजित हुआ, जहां जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और उपस्थित अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ राष्ट्रीय गान का सामूहिक रूप से उच्चारण किया। इसके पश्चात उन्होंने सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को संविधान की प्रस्तावना की शपथ दिलाई।
अपने संबोधन में जिलाधिकारी ने स्वतंत्रता सेनानियों और महान विभूतियों को नमन करते हुए कहा कि उनके त्याग और बलिदान के कारण ही आज हम एक लोक-कल्याणकारी गणराज्य में जीवन जी रहे हैं। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से आह्वान किया कि वे अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करते हुए समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं और सुविधाओं को प्रभावी रूप से पहुंचाएं। उन्होंने देश की एकता, अखंडता और नागरिक गरिमा को सुदृढ़ करने में सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया।
गणतंत्र दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी ने स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों को शाल, मिठाई एवं छाता भेंट कर सम्मानित किया। साथ ही स्कूली बच्चों को स्कूल बैग और मिठाई देकर प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम के दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व गजेंद्र कुमार, अपर जिलाधिकारी प्रशासन संजय कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी न्यायिक सुशील कुमार, नगर मजिस्ट्रेट पंकज प्रकाश, उप जिलाधिकारी बुढ़ाना कृष्णकांत, डिप्टी कलेक्टर राहुल देव भट्ट, वरिष्ठ कोषाधिकारी रमेश यादव, प्रशासनिक अधिकारी कलेक्ट्रेट सैफालिका साहनी एवं शौकत हुसैन, तथा उत्तर प्रदेश कलेक्ट्रेट मिनिस्ट्री शाखा के महासचिव मनीष कुमार शर्मा सहित अनेक अधिकारियों व कर्मचारियों ने अपने विचार व्यक्त किए।
समारोह के अंत में जिलाधिकारी ने जनपदवासियों, अधिकारियों और कर्मचारियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए राष्ट्र निर्माण में सक्रिय सहभागिता का संकल्प लेने का संदेश दिया।


