मुज़फ़्फरनगर। छपार और जानसठ क्षेत्र में मंगलवार को हाईवे पर हुए दो अलग-अलग हादसों ने जनपद को दहला दिया। पहली दुर्घटना छपार–बरला मार्ग पर उस समय हुई, जब तेज रफ्तार कार अचानक नियंत्रण खोकर पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में डूंगर निवासी दो युवक—वंश कश्यप और राहुल कश्यप—की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरा युवक गौरव घायल हो गया।
दूसरा हादसा जानसठ क्षेत्र में कवाल रोड पर हुआ, जहाँ लकड़ी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली में एक पिकअप तेजी से जाकर भिड़ गई। टक्कर में पिकअप चालक शहराज की मौके पर ही मौत हो गई। ट्रॉली परिचालक आशु गंभीर रूप से घायल हुआ, जिसे मेरठ रेफर किया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया।
हाईवे पर कुछ ही घंटों के भीतर चार मौतों से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से ओवरस्पीडिंग पर सख्ती, रात्रिकालीन निगरानी और सड़क सुरक्षा को मजबूत करने की मांग की है, ताकि ऐसे हादसों पर रोक लगाई जा सके।
