मुज़फ़्फ़रनगर में अवैध बाल-श्रम को रोकने के लिए जिला प्रशासन ने सोमवार को विशेष अभियान चलाते हुए शहर के कई क्षेत्रों में एक साथ छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान चार नाबालिग बच्चों को खतरनाक और अनुचित कामों से मुक्त कराते हुए उन्हें सुरक्षा में लिया गया। यह संयुक्त ऑपरेशन श्रम विभाग, एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण और चाइल्ड हेल्पलाइन की टीम ने मिलकर चलाया।
अभियान की शुरुआत सर्कुलर रोड से हुई, जहाँ एक कार वॉश सेंटर पर दो बच्चों को काम करते पाया गया। अधिकारियों के पहुँचते ही प्रतिष्ठान में हड़कंप मच गया। टीम ने तुरंत बच्चों को छुड़ाकर संचालक से पूछताछ की। इसके बाद टीम सुजड़ू चुंगी पहुँची, जहाँ एक चाय की दुकान पर नाबालिग बच्चा काम करता मिला। आर्य समाज रोड इलाके में भी एक प्रतिष्ठान से एक और बच्चा बरामद किया गया।
रेस्क्यू किए गए सभी बच्चों को पहले मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया और फिर बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत किया गया। समिति ने बच्चों व उनके परिजनों से बातचीत कर उन्हें नियमित शिक्षा से जोड़ने पर बल दिया।
प्रशासन ने तीनों नियोक्ताओं के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जिले को बाल-श्रम मुक्त बनाने के लिए ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे और कानून का उल्लंघन करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group