मुज़फ़्फ़रनगर में मतदाता सूची को अद्यतन और त्रुटिहीन बनाने के लिए चल रहे विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान को गति मिल गई है। जिला पंचायत सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी उमेश मिश्रा ने सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ विस्तृत चर्चा कर अभियान को मजबूत बनाने पर जोर दिया।
डीएम ने बताया कि बूथ-लेवल ऑफिसर घर-घर पहुंचकर नए मतदाताओं के नाम जोड़ने, गलत प्रविष्टियों को सुधारने और अपात्र नाम हटाने का कार्य तेजी से कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत रखने के लिए राजनीतिक दलों का सहयोग बेहद आवश्यक है।
जिलाधिकारी ने दलों से अपील की कि वे अपने बूथ स्तर के प्रतिनिधियों को सक्रिय रखें और बीएलओ से समन्वय बनाकर सुनिश्चित करें कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रहे। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि अभियान की कार्यवाही की नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी, ताकि जिले की मतदाता सूची पूरी तरह पारदर्शी और अद्यतन रह सके।

