मुज़फ़्फ़रनगर। तितावी थाना क्षेत्र के गांव मांडी में सोमवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब शमशान घाट के पास बने रज़वाहे में एक बंद बोरा मिलने की सूचना मिली। ग्रामीणों ने बोरे को संदिग्ध मानते हुए पुलिस को सूचना दी।
पुलिस टीम मौके पर पहुँची और बोरे को खोलकर देखा तो भीतर एक अज्ञात युवक का शव बरामद हुआ। शव की हालत खराब होने के कारण उसकी पहचान तुरंत नहीं हो सकी। प्रारंभिक जांच में मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है।
पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र कर क्षेत्र की घेराबंदी कर दी है। अधिकारियों के अनुसार, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि पता लगाया जा सके कि बोरा किस वाहन या व्यक्ति द्वारा यहां फेंका गया।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण साफ हो सकेगा। फिलहाल पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति की पहचान और घटना की परिस्थितियों की गहराई से जांच शुरू कर दी है।
