मुज़फ्फरनगर में विशेष प्रवर्तन अभियान को प्रभावी बनाने के लिए सहारनपुर प्रभार के उप आबकारी आयुक्त ने जिला आबकारी अधिकारी कार्यालय में बैठक कर महत्वपूर्ण दिशानिर्देश जारी किए। बैठक में आबकारी निरीक्षक, प्रधान व आबकारी सिपाही मौजूद रहे।
अधिकारियों को जनपद के ईंट-भट्टों, नदी कछारों, सुदूर ग्रामीण इलाकों और संदिग्ध अड्डों पर अवैध मद्य निष्कर्षण, कच्ची शराब निर्माण व तस्करी के विरुद्ध सघन छापेमारी करने के निर्देश दिए गए। पकड़े गए मामलों में आबकारी अधिनियम के साथ बीएनएस की धाराओं में भी एफआईआर दर्ज की जाएगी।
कच्ची शराब से जुड़े माफियाओं पर पुलिस के सहयोग से गैंगस्टर और गुंडा एक्ट में कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। साथ ही जनता को जागरूक करने के लिए पोस्टर, हैंडबिल, पम्पलेट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश भी दिए गए।

