मुज़फ्फरनगर। अवैध शराब के निर्माण व तस्करी पर रोक लगाने के उद्देश्य से आबकारी विभाग मुज़फ्फरनगर ने विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत जनपद के विभिन्न ग्रामीण इलाकों और बार्डर एरिया में संयुक्त दबिश एवं चेकिंग ऑपरेशन चलाया। यह अभियान अपर मुख्य सचिव (आबकारी) एवं आबकारी आयुक्त उत्तर प्रदेश, प्रयागराज के निर्देशों के क्रम में, जिलाधिकारी व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुज़फ्फरनगर के मार्गदर्शन में संचालित किया गया।
अभियान के दौरान विभागीय टीम ने ग्राम रामपुर, हाजीपुर, नंगला बुज़ुर्ग सहित कई क्षेत्रों में पहुंचकर जंगल पट्टियों, कुछ आवासीय परिसरों, संचालित दुकानों, रेस्टोरेंट, फैक्ट्रियों तथा अन्य संभावित स्थलों की आकस्मिक जांच की। इसके साथ ही दिल्ली–देहरादून हाइवे पर स्थित होटलों व ढाबों पर भी छापामार कार्रवाई की गई।
चेकिंग के समय टीम ने स्थानीय निवासियों व दुकानदारों को विभाग का सीयूजी मोबाइल नंबर उपलब्ध कराते हुए अपील की कि अवैध शराब की बिक्री, भंडारण, निर्माण या तस्करी से संबंधित कोई भी सूचना तुरंत साझा करें, ताकि प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
अंतरराज्यीय तस्करी की संभावनाओं को देखते हुए उत्तराखंड सीमा के ग्राम मजलिसपुर तौफिर में आने-जाने वाले वाहनों की गहन तलाशी ली गई। इस दौरान कई संदिग्ध वाहनों को रोककर कागजात व लोडिंग सामग्री की जांच की गई और मौके पर आवश्यक कार्रवाई की गई।
विभाग के अनुसार, अवैध शराब के नेटवर्क पर निगरानी बढ़ाई जा रही है तथा आने वाले दिनों में भी जनपद के विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों में निरंतर निरीक्षण एवं प्रवर्तन अभियान जारी रहेगा।
कार्रवाई में जिला आबकारी अधिकारी, क्षेत्रीय आबकारी निरीक्षक, उपनिरीक्षक, आबकारी सिपाही एवं सहयोगी पुलिस बल सक्रिय रूप से शामिल रहे और संयुक्त रूप से ऑपरेशन को अंजाम दिया।
